झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 6 जिलों की 13 सीटों पर वोटिंग जारी

by GoNews Desk 4 years ago Views 1953

jharkhand
झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में शनिवार को 6 जिलों की 13 सीटों पर वोटिंग सुबह सात बजे से जारी है। पहले चरण में नक्सल प्रभावित इलाकों के होने के चलते चुनाव आयोग ने वोटिंग का समय सुबह सात बजे से तीन बजे तक का रखा है। इसके अलावा पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पहले चरण में 189 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 174 पुरुष और 15 महिला उम्मीदवार हैं।


पहले चरण में 37 लाख 83 हजार 55 वोटर अपने मतदान का प्रयोग करेंगे। पहले चरण के चुनाव में पहली बार वोट करने वालों की संख्या 1,05,822 है।  पहले चरण में बीजेपी ने 13 में से 12 सीटों पर अपने उम्‍मीदवार उतारे हैं, जबकि हुसैनाबाद सीट पर निर्दलीय विनोद सिंह को समर्थन दिया है। बात महागठबंधन की करें तो यहां  जेएमएम चार, कांग्रेस छह और आरजेडी  तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं।

झारखंड में विधानसभा चुनाव पांच चरणों में हो रहे हैं। वोटों की गिनती 23 दिसंबर को होगी। झारखंड में फिलहाल बीजेपी की सरकार है और राज्य की कमान रघुवर दास के हाथों में है। 2014 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को राज्य में 37 सीटें मिली थीं और तब बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा के छह विधायक बीजेपी में शामिल हो गए थे और आसानी से बीजेपी की सरकार बन गई थी। वहीं प्रमुख विपक्षी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा को 19 सीटें और कांग्रेस को आठ सीटें मिली थीं।

झारखंड में दोबारा सत्ता में आने के लिए बीजेपी ने पूरी ताक़त लगा रखी है,  लेकिन उसे जेएमएम से तगड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है। रघुवर दास की सरकार में क़ानून व्यवस्था पर बार-बार सवाल उठे हैं।

Latest Videos

Latest Videos

Facebook Feed