महाराष्ट्र-हरियाणा चुनाव: नामांकन भरने की आज आखरी तारीख, देवेंद्र फडणवीस निकालेंगे रैली

by GoNews Desk Oct 04, 2019 • 01:17 PM Views 908

महाराष्ट्र और हरियाणा में 21 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है। आखिरी दिन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस,  हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कई नेता नामांकन दाखिल करेंगे।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस नामांकन दाखिल करने से पहले रैली निकालेंगे। देवेंद्र फडणवीस साउथ वेस्ट नागपुर सीट से चुनाव लड़ रहे है। बात हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की करें तो वो नामांकन दाखिल करने के बाद सांपला में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा रोहतक की गढ़ी सांपला-किलोई सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

इनके अलावा पहलवान योगेश्वर दत्त और हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह भी नामांकन दाखिल करेंगे।