नासा ने चंद्रयान-2 की लैंडिंग साइट की नई तस्वीरें लीं, लैंडर विक्रम लापता

by Shahnawaz Malik Sep 27, 2019 • 02:00 PM Views 21605

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने भारतीय एजेंसी इसरो के स्पेश मिशन चंद्रयान-2 की लैंडिंग साइट की कुछ नई तस्वीरें ली हैं. इन तस्वीरों को अपने ट्वीटर हैंडल पर शेयर करते हुए नासा ने लिखा, ‘हमने भारत के चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम की लैंडिंग साइट की कुछ तस्वीरें खीचीं हैं. ये तस्वीरें अंधेरे में ली गई हैं और टीम लैंडर विक्रम का पता नहीं लगा सकी.’ नासा ने यह भी कहा है कि अक्टूबर महीने में जब रोशनी ज़्यादा होगी तब और तस्वीरें ली जाएंगी.

नासा ने ये तस्वीरें लूनर रिकॉन्सेंस कैमरे से ली हैं जो चांद की सतह से 150 किलोमीटर दूर था और 17 सितंबर को लैंडिंग साइट के ऊपर से गुज़रा था. इन तस्वीरों में भी लैंडर विक्रम कहीं दिखाई नहीं दे रहा है. नासा ने यह दावा भी किया कि विक्रम लैंडर चांद की सतह पर तेज़ गति से टकराया था जबकि सतह पर धीरे-धीरे उतरना था.

नासा का अनुमान है कि कम रोशनी और बड़ी-बड़ी परछाइयों की वजह से लैंडर विक्रम को लोकेट नहीं किया जा सका लेकिन अक्टूबर में ली जाने वाली तस्वीरों से कुछ नई जानकारी आ सकती है.