मिशन चंद्रयान-2, सभी राजनीतिक दलों ने की इसरो की सराहना

by GoNews Desk 4 years ago Views 649

 ISRO
चंद्रयान-2 का मिशन नाकाम होने के बाद भारतीय वैज्ञानिकों के चेहरे पर मायूसी छाई हुई है लेकिन कमोबेश सभी सियासी दलों के नेता उनका हौसला बढ़ाने के लिए आगे आए हैं। सभी ने एक सुर में कहा कि देश को इसरो की उपलब्धियों पर गर्व है।

मिशन चंद्रयान-2 के विक्रम लैंडर का चांद की सतह से करीब 2.1 किलोमीटर पहले ही अर्थ स्टेशन से संपर्क टूट गया। इस नाकामी से वैज्ञानिक जगत में मायूसी का माहौल है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने ट्वीट में लिखा है कि, देश को इसरो पर गर्व है। हम सभी बेहतरी की उम्मीद करते हैं।


पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि रुकावटों से हौसला और मजबूत होगा। आज भले ही कुछ रुकावटें हाथ लगी हों लेकिन इससे हमारा हौसला कमज़ोर नहीं पड़ा है, बल्कि और मजबूत हुआ है। पीएम मोदी इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिये इसरो के मुख्यालय में थे। उन्होंने इसरो प्रमुख के. सिवन के गले लगाकर उनका हौसला बढ़ाया और कहा कि जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं और ये यात्रा जारी रहेगी।

केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि हमें अपने वैज्ञानिकों पर गर्व है। मुझे यकीन है कि भविष्य में हमारे वैज्ञानिक इस मिशन को पूरा करेंगे। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इसरो को चंद्रयान-2 के मिशन पर शानदार काम के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आपका जुनून और समर्पण हर एक भारतीय के लिए एक प्रेरणा है।

सीपीआईएम के महासचिव सीताराम येचुरी ने भी इसरो बधाई दी, उन्होंने कहा कि भारतीय विज्ञान की कामयाबी का इतिहास बताता है कि हमें अपनी लड़ाई और संघर्ष कैसे जारी रखना है। वहीं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारे वैज्ञानिकों ने इतिहास रचा है, उन्हें निराश होने की ज़रूरत नहीं है।

Latest Videos

Latest Videos

Facebook Feed