महाराष्ट्र-हरियाणा में विधानसभा चुनावों का ऐलान, 24 अक्टूबर को आएंगे नतीजे

by Ankush Choubey 4 years ago Views 2368

Assembly elections in Maharashtra-Haryana announce
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीख़ों का ऐलान कर दिया. दोनों राज्यों में 21 अक्टूबर को वोटिंग होगी और नतीजे 24 अक्टूबर को आएंगे. हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल 2 नवंबर और महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 9 नवंबर ख़त्म हो रहा है। 

महाराष्ट्र-हरियाणा के अलावा 21 अक्टूबर को ही 18 राज्यों की 64 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी कराया जाएगा. इसके अलावा बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव के लिए वोटिंग होगी.


महाराष्ट्र में 8.94 करोड़ और हरियाणा में 1.82 करोड़ वोटर हैं. मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें पूरी तरह से सेफ हैं और चुनावों के लिए सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं.  इस बार ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को डबल लॉक में रखा जाएगा ताकि कोई भी उम्मीदवार और उनके साथी एक निश्चित दूरी से स्ट्रॉन्ग रूम के सुरक्षा बंदोबस्त पर नज़र रख सकें। इस चुनाव में उम्मीदवारों के लिए चुनाव में खर्च की अधिकतम सीमा 28 लाख रुपये तय की गई है.

महाराष्ट्र में विधानसभा की कुल 288 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 145 हैं। पिछले चुनाव में बीजेपी और शिवसेना यहां बिना गठबंधन के चुनाव में उतरी थी. तब      बीजेपी को 122 और शिवसेना को 63 सीटों पर जीत मिली थी. मुख्यमंत्री की कमान देवेंद्र फणनवीस को दी गई थी. वहीं कांग्रेस को 42, एनसीपी को 41 और अन्य दलों को 20 सीटों पर जीत मिली थी. 

इसी तरह 2014 में हरियाणा विधानसभा की 90 विधानसभा सीटों में से बीजेपी ने अकेले 47 सीटों पर जीत दर्ज की थी जबकि सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी 15 सीटों पर सिमट गई थी. वहीं इंडियन नेशनल लोक दल को 19, बसपा को एक और अन्य को आठ सीटों पर जीत मिली थी. 

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने सभी राजनीतिक दलों से चुनाव प्रचार में प्लास्टिक का कम से कम इस्तेमाल करने की अपील की है. 

वीडियो देखिये

Latest Videos

Latest Videos

Facebook Feed